नई दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद के अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया अहमदाबाद में सोमवार को अचानक लापता हो गए। उनके लापता होने की खबर से हड़कम्प मच गया और कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। लापता होने के 11 घण्टे बाद तोगड़िया एक पार्क में बेहोशी की हालत में मिले। किसी राहगीर ने उन्हें देखा और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुँचाया। अहमदाबाद के शाही बाग स्थित एक निजी नर्सिंग होम में उन्हें भर्ती किया गया है। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि शुगर लेवल कम होने की बजह से तोगड़िया बेहोश हो गए थे जिन्हें सरकारी एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल लाया गया था। वहीं उनके कार्यकर्ताओ ने पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने का आरोप भी लगाया था।

राजस्थान पुलिस पहुँची थी तोगड़िया को गिरफ्तार करने
राजस्थान के सवाईमाधोपुर में एक पुराने निषेधाज्ञा मामले में गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट लेकर राजस्थान पुलिस तोगड़िया को गिरफ्तार करने अहमदाबाद में उनके निवास स्थान पर पहुँची थी। उसके बाद से ही तोगड़िया रहस्यमय तरीके से लापता हो गए।
तोगड़िया के लापता होने की खबर से हड़कम्प मच गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्तों ने सोला पुलिस थाना पहुँच कर विरोध प्रदर्शन किया। मीडिया में खबर आने के बाद वीएचपी के कार्यकर्ताओं ने गुजरात में अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, सुरेंद्र नगर के कई इलाकों में प्रदर्शन और चक्का जाम किया गया। कार्यकर्ताओ ने आरोप लगाया कि राजस्थान और गुजरात पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन थोड़ी देर बाद ही पुलिस ने तोगड़िया की गिरफ्तारी से इंकार कर दिया।
कार्यकर्ताओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अहमदाबाद की क्राइम ब्रांच ने उन्हें ढूंढने के लिए स्पेशल टीम बनाकर तलाशी अभियान शुरू किया। तोगड़िया के लापता होने पर सबसे बड़ा सवाल उठा की जेड प्लस सिक्योरिटी धारक तोगड़िया लापता कैसे हो गए? उनकी सिक्योरिटी में 24 घण्टे 36 जवान तैनात रहते है।
तोगड़िया के लापता होने के 11 घण्टे बाद वे एक पार्क में बेहोशी की हालत में मिले । जिन्हें किसी अजनबी ने एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुँचाया। किसने पहुँचाया इस पर अभी रहस्य बना हुआ है। तोगड़िया के सही सलामत मिलने के बाद कार्यकर्ता शांत हुए और प्रदर्शन रोक दिया। तोगड़िया का इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि शुगर लेवल कम होने की बजह से वे बेहोश हो गए थे। पूरे मामले पर पुलिस ने चुप्पी साध रखी है और जाँच कर घटना की जानकारी करने की बात कह रही है।

LEAVE A REPLY